Published on: 16 Jun 2026
आईजीयू में यूजी पाठ्यक्रमों के लिए अब 20 जून तक करें आवेदन।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय शिक्षण विभागों में संचालित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने फिर से आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है।
इच्छुक अभ्यर्थी स्नातक के पाठ्यक्रमों के कोर्सों (एम.कॉम 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड, एमबीए 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड, बीएचएमसीटी (होटल एवं पर्यटन प्रबंधन), बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) गणित, बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) रसायन विज्ञान, बीए डिफेंस स्टडीज, बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (बीजेएमसी), बीटेक सीएसई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग), बैचलर ऑफ फिजिकल साइंसेज तथा बैचलर ऑफ लाइफ साइंसेज) में 20 जून 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर आवेदन कर सकते है।
विभिन्न विषयों में उपलब्ध सीटों के विवरण, पात्रता, शुल्क संरचना एवं दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.igu.ac.in पर उपलब्ध है।
5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम, 2 वर्षीय एमकॉम में 20 जून तक करें आवेदन: प्रो. रविन्द्र।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रविन्द्र ने बताया कि विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों को आधुनिक वाणिज्य शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता, शोध क्षमता एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कॉमर्स क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएँ उपलब्ध हैं। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी कॉर्पोरेट सेक्टर, अकाउंटिंग, टैक्सेशन, बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों, ऑडिट, बीमा, निवेश प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र की विभिन्न सेवाओं में उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी CA, CS, CMA, NET-JRF तथा शोध कार्य जैसे उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों की तैयारी भी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यार्थी आज इन विभिन्न क्षेत्रों में अपना कैरियर संवार रहे हैं।
प्रोफेसर रविन्द्र ने कहा, “हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को कुशल, आत्मनिर्भर एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। विभाग में अनुभवी फैकल्टी, डिजिटल शिक्षण सुविधाएँ, प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन, औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट जैसी सुविधाएँ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं।” विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
विभाग में कुल 60 सीट उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि 1 वर्ष पूरा करने के उपरांत कॉमर्स विषय में सर्टिफिकेट, 2 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत डिप्लोमा, 3 वर्ष पूरा होने के पश्चात बीकॉम की डिग्री, 4 वर्ष पूरे होने पर बीकॉम ऑनर्स की डिग्री और 5 वर्ष पूर्ण करने पर एमकॉम की डिग्री प्राप्त होती है। इच्छुक अभ्यर्थी (एमकॉम 2 वर्षीय, 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम) कोर्स में 20 जून 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर आवेदन कर सकते है।